शिकायत के घेरे में सीएमएचओ कार्यालय, पूर्व कर्मचारी ने लगाए रिश्वत और अभद्र व्यवहार के आरोप

कोरिया। जिले के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें विभाग की एक पूर्व महिला कर्मचारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में रिश्वत मांगने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसी बातें कही गई हैं।

शिकायतकर्ता का कहना है कि वह लंबे समय तक स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत रहीं, लेकिन सेवा से जुड़े कुछ देयकों का भुगतान अब तक लंबित है। उनका आरोप है कि भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई। आर्थिक स्थिति का हवाला देकर राशि तत्काल देने में असमर्थता जताने के बावजूद उनका भुगतान नहीं किया गया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि भुगतान संबंधी जानकारी लेने के लिए संपर्क करने पर उनके साथ फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और बाद में कार्यालय स्तर पर भी अपमानजनक व्यवहार किया गया, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा हुई।

शिकायत में उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि इस संबंध में शिकायत की प्रतियां स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों को भी भेजी गई हैं।

जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति

फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता के हैं। संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि या वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!