चिरमिरी/एमसीबी। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर एमसीबी जिले के चिरमिरी के हल्दीबाड़ी में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और ब्लॉक कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक की घटना ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका आरोप था कि इस मामले से परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता प्रभावित हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इतनी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में कथित अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उनका कहना था कि सरकार को इस मामले में स्पष्ट जवाब देना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार उपलब्धियों का श्रेय लेने में आगे रहती है, लेकिन पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों में जिम्मेदारी स्वीकार करने से बचती है। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में विश्वास बहाल करने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।











