सूरजपुर में भूमि अधिग्रहण को लेकर हिंसक झड़प, डीएसपी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल

सूरजपुर। जिले के धरमपुर गांव में शुक्रवार सुबह भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। अधिग्रहित भूमि पर प्रशासनिक कब्जा दिलाने पहुंची पुलिस टीम पर विरोध कर रहे ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में डीएसपी राजेश जोशी सहित 24 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन शांतिपूर्ण ढंग से भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी कराने के उद्देश्य से भारी पुलिस बल के साथ धरमपुर गांव पहुंचा था। ग्रामीण पहले से ही भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे थे। पुलिस बल के गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते विरोध हिंसक झड़प में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुए हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ के दौरान कई पुलिसकर्मी गिरकर घायल हो गए, जबकि कई जवानों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और क्षेत्र में फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

 

 

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!