जांजगीर-चांपा। जिले के डोंगा-कोहरोद स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक पर लगे गंभीर आरोपों ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। विद्यालय परिसर में कथित रूप से अनुचित व्यवहार और बच्चों के सामने अशोभनीय स्थिति में पाए जाने की शिकायत के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी गई। मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि छत्तीसगढ़ हेडलाइन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रधान पाठक पर आरोप है कि वे स्कूल समय के दौरान अपने कक्ष में केवल टी-शर्ट और अंडरवियर में मौजूद थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्होंने ड्यूटी के दौरान बच्चों के सामने अशोभनीय व्यवहार किया तथा मोबाइल पर कथित रूप से अश्लील वीडियो भी देखे। इन घटनाओं से बच्चे असहज हो गए और उन्होंने घर पहुंचकर पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी।
बच्चों से सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिभावकों के पहुंचने पर प्रधान पाठक जल्दबाजी में पैंट पहनते दिखाई दिए। इस दौरान नाराज अभिभावकों ने उनका वीडियो बनाया और घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए फटकार लगाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रधान पाठक के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि विद्यालयों का अनुशासन और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।










