अंबिकापुर में युवक ने खुद को लगाई आग, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती

 

अंबिकापुर। शहर के नवागढ़ इलाके में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर खुद को आग के हवाले कर दिया। घटना राम रहीम तिराहा क्षेत्र की बताई जा रही है। आग की चपेट में आने से युवक बुरी तरह झुलस गया, जिसे गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, युवक ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। आग लगने की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। युवक को बचाने के लिए परिजनों ने घर का छप्पर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और उसे बाहर निकाला।

घटना की सूचना तत्काल 112 और एंबुलेंस सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की 112 टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के कारणों पर सस्पेंस

युवक ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। घटना को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

घटना अंबिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!