जांजगीर-चांपा। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर कथित तौर पर डुप्लीकेट इंजन ऑयल बेचने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांजगीर कोतवाली और चांपा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जिले की तीन ऑटोमोबाइल दुकानों पर छापेमार कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 2 लाख 50 हजार रुपये कीमत का कथित नकली इंजन ऑयल जब्त किया गया है। कार्रवाई चांपा क्षेत्र में कौशल अग्रवाल और नीरज अग्रवाल से संबंधित दुकानों तथा जांजगीर में अमन शर्मा के ऑटोमोबाइल दुकान में की गई।
बताया जा रहा है कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम और ब्रांड का इस्तेमाल कर डुप्लीकेट इंजन ऑयल की बिक्री किए जाने की शिकायत/सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध इंजन ऑयल बरामद किया गया।
पुलिस ने जब्त सामग्री को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नकली उत्पादों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद होगी। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से ऑटोमोबाइल कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं, नकली इंजन ऑयल की बिक्री से वाहन मालिकों को होने वाले संभावित नुकसान को देखते हुए कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ हेडलाइन के लिए — जांजगीर-चांपा से रिपोर्ट।










