सीतापुर में सराफा कारोबारी के एक करोड़ के जेवर चोरी मामले में बड़ी सफलता, ओडिशा से 46 लाख के आभूषण बरामद

 

सीतापुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में सराफा कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग चोरी होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कई राज्यों में करीब 500 CCTV कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए आरोपियों के तार ओडिशा के गंजाम जिले तक पहुंचाए। पुलिस ने एक संदिग्ध के घर से करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

हालांकि, वारदात में शामिल मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी और चोरी हुए शेष जेवरात की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

दुकान खोलने के दौरान बैग लेकर फरार हुए थे बदमाश

पुलिस के अनुसार सीतापुर हाईस्कूल के पास काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स का संचालन करने वाले कारोबारी अरुणदेव सोनी 26 जुलाई को करीब 11:30 बजे स्कूटी से अपनी दुकान पहुंचे थे। उनके पास सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग था।

स्कूटी में बैग रखने के बाद जैसे ही वे दुकान का शटर खोलने लगे, इसी दौरान अज्ञात बदमाश स्कूटी से बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण होने की जानकारी सामने आई थी। शिकायत के बाद सीतापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दो बाइक पर चार संदिग्ध CCTV में आए नजर

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसमें दो मोटरसाइकिलों पर चार संदिग्ध वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों के संभावित भागने वाले मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच शुरू की।

पुलिस ने सरगुजा के गेरसा से लेकर जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी और सिंगीबहार, झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली और सिमडेगा तथा ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित कई क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले।

करीब 500 CCTV कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान ओडिशा के गंजाम जिले निवासी चांटी दास और नागेश्वर राव के रूप में की।

गंजाम में 10 दिन तक चला सर्च ऑपरेशन

संदिग्धों की पहचान होने के बाद सरगुजा पुलिस की संयुक्त टीम ओडिशा पहुंची। आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल, एएसपी रितेश चौधरी और सीएसपी राहुल बंसल के मार्गदर्शन में स्थानीय पुलिस के सहयोग से करीब 10 दिनों तक संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध चांटी दास 16 अगस्त की रात अपने घर पहुंचा है। इसके बाद संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में उसके घर की तलाशी ली। आरोपी मौके पर नहीं मिला, लेकिन तलाशी के दौरान पुलिस को सीतापुर से चोरी किए गए जेवरात में से बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद हुए।

300 ग्राम से ज्यादा सोना, 1 किलो से अधिक चांदी बरामद

पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान 300.92 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 43 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद हुए, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।

इस तरह पुलिस ने कुल करीब 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

पुलिस अब चांटी दास, नागेश्वर राव समेत वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी हुए शेष जेवरात की बरामदगी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास लगातार जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

जांच अभियान में साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक अनुज जायसवाल, मनीष सिंह, अमन पुरी, राहुल केरकेट्टा और अशोक यादव सहित सीतापुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, उपनिरीक्षक रघुनाथ भगत, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल कुमार, प्रधान आरक्षक तीजराम पैंकरा, आरक्षक राकेश यादव और महेंद्र नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

थाना मणिपुर के आरक्षक उमाशंकर साहू और कुशकुमार सोनी भी अभियान में शामिल रहे। वहीं ओडिशा पुलिस की स्थानीय टीम ने भी आरोपियों के संभावित ठिकानों की तलाश और तलाशी अभियान में सहयोग किया।

 

पुलिस के अनुसार मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष चोरी के जेवरात की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!