वैद्य फूड में प्रशासन की दबिश, 200 किलो पनीर जब्त

महासमुंद |छत्तीसगढ़।  महासमुंद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में दबिश देकर करीब 200 किलो पनीर जब्त किया है।

देर रात तीन घंटे चली जांच

जानकारी के मुताबिक एसडीएम अक्षा गुप्ता के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने रात करीब 12 बजे वैद्य फूड परिसर में जांच शुरू की। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई के दौरान टीम को मध्यरात्रि में पनीर निर्माण होता मिला। पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह उत्पन्न होने पर अधिकारियों ने मौके से लगभग 200 किलो पनीर जब्त कर लिया।

जांच के लिए रायपुर भेजा गया नमूना

अधिकारियों ने जब्त पनीर का नमूना लेकर उसे राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेज दिया है। अब प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट होगी। प्रशासन के मुताबिक लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रशासन सख्त

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटी, अमानक अथवा प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

फिलहाल 200 किलो पनीर की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की तस्वीर साफ होगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!