मुंगेली। खेत से काम खत्म कर घर लौट रही 46 वर्षीय महिला को शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत उसका इंतजार कर रही है। ग्राम पंडरभट्टा में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे आकाशीय बिजली गिरने से गीता बाई पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि गीता बाई पटेल, पति अशोक पटेल, खेत में काम करने गई थीं। काम पूरा करने के बाद वह पैदल अपने घर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला, आसमान में बादल छाए और तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली गिरी।
बिजली की चपेट में आते ही गीता बाई जमीन पर गिर पड़ीं। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझने तक का मौका नहीं मिला। कुछ सेकंड पहले जो महिला अपने घर की ओर कदम बढ़ा रही थी, वही अगले ही पल जिंदगी की जंग हार गई।
इस दर्दनाक हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें आकाशीय बिजली गिरने का खौफनाक मंजर कैद बताया जा रहा है। फुटेज में कुछ ही पलों में मौसम की भयावहता और बिजली गिरने की घटना दिखाई देती है। यह दृश्य आकाशीय बिजली के खतरे को साफ तौर पर सामने लाता है।
गीता बाई की मौत की खबर जैसे ही परिवार और ग्रामीणों तक पहुंची, गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में गहरा सदमा है।
⚡ कुछ सेकंड… और जिंदगी खत्म
यह हादसा एक बार फिर बारिश और गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है। आकाशीय बिजली बेहद कम समय में जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे मौसम में खुले खेत, ऊंचे पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचना बेहद जरूरी है।









