रायगढ़। जिले के धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोंधा गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग दंपति के जले हुए शव उनके घर के भीतर मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान मंगलूराम राठिया (65 वर्ष) और उनकी
पत्नी पुनई बाई राठिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलूराम राठिया कोयला कंपनी से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले कुछ वर्षों से गांव में अपनी कृषि भूमि पर पत्नी के साथ रहकर खेती-बाड़ी कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि दंपति की हत्या के बाद घटना से जुड़े साक्ष्यों को नष्ट करने के उद्देश्य से शवों को आग के हवाले किया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच जारी है।










