एमसीबी/मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2026 की पहली तिमाही (अप्रैल, मई और जून) में अस्पताल में 1000 से अधिक गर्भवती महिलाओं की निशुल्क सोनोग्राफी की गई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति बढ़ते जनविश्वास और बेहतर चिकित्सा प्रबंधन का परिणाम है।
कुछ समय पहले तक क्षेत्र की अधिकांश गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का रुख करना पड़ता था, जहां एक जांच के लिए लगभग 1500 रुपये तक खर्च करना पड़ता था। अब यही सुविधा सरकारी अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का दिख रहा असर
अस्पताल में आधुनिक जांच उपकरण, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और सुव्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाओं के कारण मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक उपचार सुनिश्चित किए जाने से सुरक्षित मातृत्व अभियान को भी मजबूती मिली है।
समय पर सोनोग्राफी से सुरक्षित मातृत्व
विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुसार गर्भावस्था की पहली तिमाही में सोनोग्राफी बेहद महत्वपूर्ण होती है। इससे गर्भस्थ शिशु के विकास, गर्भ की स्थिति और संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार किया जा सकता है।
बेहतर प्रबंधन का परिणाम
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन तथा अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के नेतृत्व में अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को जांच, परामर्श और उपचार की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि पहली तिमाही में 1000 से अधिक गर्भवती महिलाओं की निशुल्क सोनोग्राफी की जा चुकी है। आने वाले समय में प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला तक यह सुविधा पहुंचाने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।
सरकारी अस्पतालों पर बढ़ा भरोसा
निशुल्क जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के कारण मनेंद्रगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं का भरोसा सरकारी अस्पतालों पर लगातार बढ़ रहा है। इससे न केवल परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हुआ है, बल्कि सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु जन्म की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।










