सरगुजा। छत्तीसगढ़ हैडलाइन सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर क्षेत्र के टिकरापारा गांव में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, खेत में ट्रैक्टर जुताई करते समय वाहन दलदली जमीन में फंस गया। उसे जबरन निकालने की कोशिश के दौरान ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया।
हादसे में चालक सुरेंद्र तिग्गा ट्रैक्टर के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस हादसे ने एक बार फिर खेती के दौरान ट्रैक्टर संचालन में बरती जा रही लापरवाही और सुरक्षा उपायों की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले 15 दिनों में सरगुजा संभाग में ट्रैक्टर पलटने की अलग-अलग घटनाओं में अब तक तीन चालकों की जान जा चुकी है।
लगातार हो रहे ऐसे हादसे किसानों और ट्रैक्टर चालकों के लिए चेतावनी हैं कि जोखिम भरी परिस्थितियों में ट्रैक्टर को जबरदस्ती निकालने की कोशिश करने के बजाय सुरक्षित तरीके अपनाए जाएं, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।










