रायपुर। नया रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर में बुधवार शाम हुए हादसे के बाद करीब 77 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन आखिरकार खत्म हुआ। गहरे पानी में डूबे मौदहापारा निवासी 24 वर्षीय आदिल खान का शव शनिवार देर रात पानी की सतह पर दिखाई दिया। सूचना मिलते ही सर्चिंग टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला।
दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था आदिल
बताया गया कि मौदहापारा निवासी आदिल खान, पिता नासिर खान, बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर शर्त लग गई।
बताया जा रहा है कि शर्त के बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में कूद गए। इसी दौरान आदिल गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।
तीन दिन तक चलता रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और आदिल की तलाश शुरू की। पानी की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम के सामने बड़ी चुनौती थी।
जिला प्रशासन की टीम और बचाव दल ने लगातार कई घंटों तक सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन आदिल का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस दौरान मृतक के परिजन भी लगातार घटनास्थल पर शव मिलने का इंतजार करते रहे।
77 घंटे बाद पानी के ऊपर आया शव
बुधवार से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन शनिवार देर रात उस समय खत्म हुआ, जब आदिल का शव अचानक पानी की सतह पर दिखाई दिया। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिया। करीब 77 घंटे के लंबे इंतजार के बाद परिवार को आदिल का शव मिल सका।
एक शर्त और जिंदगी खत्म
दोस्तों के साथ घूमने निकले 24 वर्षीय आदिल ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि पानी में तैरने की एक शर्त उसकी जिंदगी की आखिरी चुनौती बन जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर गहरे जलाशयों में बिना सुरक्षा इंतजाम के उतरने के खतरों को सामने ला दिया है।










