कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने जियो मोबाइल टॉवरों से बैटरियां चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जियो कंपनी का एक कर्मचारी गिरोह को तकनीकी जानकारी और सहयोग उपलब्ध करा रहा था, जिससे चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने कांकेर जिले के आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया और रावघाट सहित नारायणपुर जिले के सोनपुर क्षेत्र में स्थित जियो मोबाइल टावरों को निशाना बनाया। आरोपी टावरों से बैटरियां चोरी कर उन्हें तोड़ते थे और उनमें मौजूद धातु निकालकर कबाड़ी कारोबारियों को बेच देते थे।
मामले की जांच और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 49 जियो टॉवर बैटरियां, 311 बैटरी बॉक्स, 29 बोरियों में बैटरियों से निकाला गया मेटल, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार तथा ₹41 हजार नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि इससे पहले रावघाट पुलिस भी इसी गिरोह से 72 बैटरियां बरामद कर चुकी है।
इस मामले में पुलिस ने राजेश नेताम, माखन तुमरेटी, देवराज बघेल, राजेश यादव, एली मसीह और अंकित कुमार जैन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।










