जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती को ब्लैकमेल करने के मामले में चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए पीड़िता से दोस्ती की थी। बातचीत के दौरान उसने वीडियो कॉल कर पीड़िता का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
मामले की शिकायत मिलने के बाद चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन रैना के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के पोस्ता थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67(A) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी या वीडियो साझा करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की धमकी या ब्लैकमेल का शिकार होता है तो तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।










