हल्की बारिश के दौरान हुआ हादसा, दो सगे भाई अस्पताल में भर्ती, गांव में पसरा मातम
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागम में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। हल्की बारिश के दौरान पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल देख रहे चार बच्चे अचानक गाज की चपेट में आ गए। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे क्षेत्र में हल्की बारिश शुरू हुई थी। बारिश से बचने के लिए चारों बच्चे एक पेड़ के नीचे बैठ गए और मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान तेज चमक और गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी, जिससे चारों बच्चे इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
इस दर्दनाक घटना से पूरे ग्राम नागम में शोक का माहौल है। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से बारिश और गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।










