सरगुजा | छत्तीसगढ़ हेडलाइन सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम तेंदुटिकरा में रविवार को खेत जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कीचड़ में फंसे ट्रैक्टर को बाहर निकालने की कोशिश के दौरान ट्रैक्टर अचानक पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
खेत जुताई के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी बालम सिंह नेटी (पिता- भज्जू नेटी) अपने रिश्तेदार के खेत में ट्रैक्टर से नागर जुताई का कार्य करने ग्राम तेंदुटिकरा पहुंचे थे। जुताई के दौरान ट्रैक्टर का इंजन खेत के कीचड़ में बुरी तरह फंस गया।
इसके बाद ट्रैक्टर को बाहर निकालने के लिए पहले उसमें लगा हल अलग किया गया। फिर ट्रैक्टर के दोनों पिछले पहियों में मोटी लकड़ी की बल्लियां फंसाकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
अचानक पीछे की ओर पलट गया ट्रैक्टर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बल्लियों के सहारे ट्रैक्टर को बाहर निकालने की कोशिश की गई, ट्रैक्टर का अगला हिस्सा तेजी से ऊपर उठ गया और वाहन अचानक पीछे की ओर पलट गया। इस दौरान चालक बालम सिंह नेटी ट्रैक्टर के नीचे दब गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










