कोरिया। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने सभी पशुपालकों से अपने मवेशियों को सड़कों, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुला न छोड़ने की अपील की है।
कलेक्टर ने कहा कि सड़कों पर खुले घूमने वाले मवेशी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ती है, वहीं पशुधन को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने पशुपालकों से अपने मवेशियों की उचित देखभाल करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को आयोजित जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार जिले में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित प्रमुख सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा मवेशियों के सुरक्षित पुनर्वास के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इस अभियान में जनपद पंचायत, नगरीय निकाय, पशुधन विकास विभाग, राजस्व विभाग तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग प्राधिकरण मिलकर समन्वित कार्रवाई करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से आवारा मवेशियों को चिन्हित गौधामों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं गौधामों में फेंसिंग, शेड की मरम्मत, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही पैरादान के माध्यम से चारे की व्यवस्था के लिए जनसहभागिता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय प्रतिदिन काऊ कैचर की मदद से बेसहारा मवेशियों को एकत्र कर निर्धारित गौधामों में पहुंचाएंगे। इसके अलावा पशुधन विकास विभाग द्वारा पशुओं का उपचार, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण, टैगिंग तथा रात के समय सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए रेडियम बेल्ट और रेडियम हॉर्न टेप लगाने का कार्य भी किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा और पशुधन संरक्षण दोनों ही सामूहिक जिम्मेदारी हैं। उन्होंने जिलेवासियों से प्रशासन के इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग करने और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।










