कोरिया। जिले में सुश्री पूजा पैकरा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया गया। इस प्रदर्शन में आदिवासी युवा छात्र संगठन, कंवर युवा प्रभाग, कंवर यूथ क्लब तथा कंवर समाज विकास समिति, जिला कोरिया के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखते हुए कहा कि पूजा पैकरा प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई।
इस आंदोलन को सरगुजा बचाओ संघर्ष समिति ने भी अपना समर्थन देते हुए प्रदर्शन में सहभागिता दर्ज कराई। समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी भी बेटी के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ समाज को एकजुट होकर संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।










