बलरामपुर में सनसनी प्रधान पाठक की धारदार हथियार से हत्या, जमीन विवाद बना जानलेवा

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के थाना त्रिकुण्डा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धमनी राधानगर में सोमवार को एक प्रधान पाठक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रधान पाठक अपने विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के पीछे लंबे समय से चला आ रहा जमीन विवाद कारण हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार, मृतक के दो चचेरे भाइयों ने हत्या करने के बाद स्वयं थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया है। हालांकि, पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। हत्या, आगजनी और अन्य संबंधित घटनाओं के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी तथ्य स्पष्ट हो पाएंगे।

(छत्तीसगढ़ हेडलाइन | बलरामपुर ब्यूरो)

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!