सीक्रेट चेंबर वाली कार से 37.940 किलो गांजा जब्त, बिहार का तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद | छत्तीसगढ़ हेडलाइन  महासमुंद पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक JETTA कार में विशेष रूप से बनाए गए सीक्रेट चेंबर से 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मामले में बिहार निवासी आरोपी श्रवण यादव को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ होते हुए रायपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। कुछ ही देर बाद बताए गए हुलिए की JETTA कार को रोककर उसकी सघन तलाशी ली गई।

शुरुआती जांच में वाहन में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन पुलिस टीम को वाहन की बनावट पर संदेह हुआ। इसके बाद जब कार की बारीकी से जांच की गई तो उसमें बनाए गए गुप्त (सीक्रेट) चेंबर का पता चला। चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखे गए 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा के मदन रामपुर क्षेत्र से लेकर रायपुर पहुंचाने जा रहा था। हालांकि इससे पहले ही महासमुंद पुलिस ने उसे छत्तीसगढ़ की सीमा में दबोच लिया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और गांजा की खेप किसे पहुंचाई जानी थी। मामले में तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 37.940 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 18.97 लाख रुपये है, के साथ तस्करी में प्रयुक्त JETTA कार तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य करीब 25.02 लाख रुपये बताया गया है।

आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

महासमुंद पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे के जाल से बचाने और अंतरराज्यीय तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!