बलरामपुर। जिले के सुरहुल खास मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार, केंद्र में 9 बच्चों को एक्सपायरी डेट वाला रेडी-टू-ईट (RTE) खाद्य पदार्थ परोस दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर जांच के दौरान केंद्र से 12 एक्सपायरी पैकेट भी मिले।
घटना के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि खाद्य सामग्री की एक्सपायरी तिथि की जांच किए बिना ही उसे बच्चों को वितरित कर दिया गया।
मामले में जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें ठीक से दिखाई नहीं देता, इसलिए पैकेट पर अंकित एक्सपायरी डेट की जांच नहीं कर सकीं। इस बयान के बाद जिम्मेदारी और लापरवाही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
इस घटना ने बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता और उसकी नियमित निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।










