अंबिकापुर के विशेष बालक गृह से 3 अपचारी बालक फरार, रोशनदान तोड़कर हुए फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल सब हेडिंग

अंबिकापुर। अंबिकापुर के गांधीनगर स्थित विशेष बालक गृह (प्लेस ऑफ सेफ्टी) से शनिवार तड़के तीन अपचारी बालक बाथरूम का रोशनदान तोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद प्रशासन और संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। उल्लेखनीय है कि इसी परिसर के बाल संप्रेक्षण गृह से पूर्व में भी दो बार अपचारी बच्चों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

जानकारी के अनुसार, विशेष बालक गृह में गंभीर प्रवृत्ति के 18 वर्ष से कम आयु के अपचारी बालकों को सुधार और विशेष निगरानी के लिए रखा जाता है। शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे अधीक्षक द्वारा 49 बालकों को योगाभ्यास के लिए बाहर निकाला गया था। इसी दौरान बाथरूम जाने के बहाने तीन अपचारी बालक रोशनदान तोड़कर परिसर से फरार हो गए।

फरार हुए तीनों बालकों में दो कोरिया जिले तथा एक बलरामपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों अलग-अलग क्षेत्रों में चोरी की कई वारदातों में संलिप्त रहे हैं, जिसके बाद उन्हें न्यायालय के आदेश पर प्लेस ऑफ सेफ्टी में रखा गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार बालकों की तलाश शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है तथा अन्य जिलों की पुलिस को भी सूचना भेजी गई है।

विशेष बालक गृह के अधीक्षक ने बताया कि संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त है, लेकिन भवन पुराना होने के कारण कुछ तकनीकी कमियां बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि करीब तीन वर्षों से नए भवन का निर्माण लंबित है। यदि नया भवन शीघ्र तैयार हो जाता है तो सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की जा सकेगी।

लगातार सामने आ रही फरारी की घटनाओं ने बाल संरक्षण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त बनाने के लिए क्या कदम उठाता है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!