सुकमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 223 किलो गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट लगी क्रेटा कार समेत ₹1.27 करोड़ की संपत्ति जब्त

सुकमा | छत्तीसगढ़ हेडलाइन. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोंटा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 223.020 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी हुंडई क्रेटा कार, तीन मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामग्री सहित कुल 1 करोड़ 27 लाख 26 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह एवं मनोज तिर्की के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कोंटा के पर्यवेक्षण में संचालित विशेष अभियान के तहत की गई।

मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी

विश्वसनीय सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से एक सफेद रंग की क्रेटा कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर कोंटा मार्ग से राजस्थान के भीलवाड़ा की ओर रवाना हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना कोंटा पुलिस ने कृष्णा मंदिर चौक के पास सघन नाकाबंदी की।

मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार से 110 पैकेटों में भरा 223.020 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 11 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

राजस्थान के तीन आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपियों की पहचान दुर्गेश शेखावत (19 वर्ष), मनीष शेखावत (21 वर्ष) और रामदेव शेखावत (23 वर्ष), निवासी जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा खरीदकर राजस्थान में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे।

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहे थे तस्करी

जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई क्रेटा पर फर्जी नंबर प्लेट (OD-02-AX-7858) लगाई गई थी, जबकि वाहन का वास्तविक पंजीयन क्रमांक RJ-02-CF-1159 है। इंजन और चेसिस नंबर के सत्यापन के बाद इस तथ्य की पुष्टि हुई। पुलिस का मानना है कि आरोपी पहचान छिपाने और जांच एजेंसियों से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना कोंटा में अपराध क्रमांक 22/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2) एवं 340 के तहत कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस अब इस पूरे मामले में गांजे के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

जब्त सामग्री

  • 223.020 किलोग्राम अवैध गांजा (110 पैकेट)
  • हुंडई क्रेटा कार (फर्जी नंबर प्लेट सहित)
  • तीन मोबाइल फोन
  • नकद राशि
  • अन्य दस्तावेज एवं सामग्री

पुलिस की अपील

सुकमा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!