एमसीबी में आकाशीय बिजली का कहर तीन लोगों की मौत, पांच घायल, खड़गवां क्षेत्र में मातम

चिरमिरी/एमसीबी। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को आकाशीय बिजली ने भीषण तबाही मचा दी। खड़गवां विकासखंड के अलग-अलग गांवों में गाज गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खड़गवां ब्लॉक के शिवपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मंगोरा गांव में भी बिजली गिरने की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। हादसे में घायल हुए पांच लोगों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन द्वारा घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है तथा पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने भी खराब मौसम और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद शिवपुर, मंगोरा और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!