स्कूल पर लटका ताला, बाहर इंतजार करते रहे छात्र… शिक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

धमतरी | छत्तीसगढ़ हेडलाइन. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से सरकारी शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। नगरी विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित रिसगांव शासकीय हाई स्कूल में निर्धारित समय पर स्कूल नहीं खुला। मुख्य गेट पर ताला लटका रहा और कोई भी शिक्षक समय पर नहीं पहुंचा। नतीजतन, दर्जनों छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर के बाहर घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र रोज की तरह समय पर स्कूल पहुंचे, लेकिन स्कूल बंद मिला। काफी देर तक शिक्षक नहीं पहुंचे, जिससे बच्चों को मायूस होकर बिना पढ़ाई किए घर लौटना पड़ा। इस दौरान स्कूल परिसर के बाहर खड़े छात्रों का वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हैरानी की बात यह रही कि उसी परिसर में संचालित प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित होती रहीं, जबकि हाई स्कूल पूरी तरह बंद रहा। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला।

ग्रामीणों का आरोप है कि वनांचल क्षेत्रों के कई स्कूलों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें होती रही हैं। उनका कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि यदि जांच में शिक्षकों की लापरवाही या ड्यूटी में कोताही की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी बात

वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सरकार लगातार प्रयासों का दावा कर रही है, लेकिन रिसगांव हाई स्कूल की यह घटना जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और छात्रों की पढ़ाई बाधित होने की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!