सरगुजा/मैनपाट। सरगुजा जिले के मैनपाट इलाके में मंगलवार की सुबह जंगली भालू के हमले से हड़कंप मच गया। खुखड़ी लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। घटना मैनपाट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरभंजा के डुमरगोड़ा की है। जानकारी के अनुसार डुमरगोड़ा निवासी श्रीमती कुंती, पति शिवकुमार, जाति माझी मंगलवार सुबह करीब 6 बजे खुखड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका सामना जंगली भालू से हो गया।
संभलने का मौका भी नहीं, भालू ने कर दिया हमला
अचानक सामने आए भालू ने महिला पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और कूल्हे में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल महिला को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमलेश्वरपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भालू के हमले के बाद वन विभाग और प्रशासन सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग सक्रिय हो गया है। क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जंगल से लगे इलाकों में रहने वाले लोगों, विशेषकर सुबह और शाम जंगल की ओर जाने वाले ग्रामीणों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
जंगल से सटे गांवों में बढ़ी चिंता
मैनपाट के कई गांव जंगलों से लगे हुए हैं। ऐसे में जंगली जानवरों का आबादी के आसपास पहुंचना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। मंगलवार सुबह हुई इस घटना के बाद एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा का सवाल सामने आया है।










