रायपुर में ‘गांजा एक्सप्रेस’ पर ब्रेक, ट्रक से 191 किलो गांजा बरामद, 19 लाख की खेप के साथ बंगाल के 2 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सूखे नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 191 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 19 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को जब्त करते हुए पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

खुफिया सूचना और सर्विस रोड पर बिछा जाल

पुलिस को ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद तेलीबांधा पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम हरकत में आई। अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोका गया।

ट्रक की तलाशी लेते ही टीम के हाथ भारी मात्रा में गांजा लगा। पुलिस के मुताबिक, वाहन से कुल 191 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 19.10 लाख रुपए है। तस्करी में इस्तेमाल अशोक लीलैंड ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।

बंगाल के दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

कार्रवाई में पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी मोहम्मद लाल और मोहम्मद रूस्तम को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गांजा कहां से आया, कहां पहुंचनी थी खेप ?

इतनी बड़ी मात्रा में गांजा पकड़े जाने के बाद अब पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। जांच का बड़ा सवाल यह है कि 191 किलो गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी? पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!