लखनपुर में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में रोपा लगा रही 37 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में पसरा मातम

सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक 37 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ग्राम जेजगी स्थित खेत में उस समय हुई, जब महिला रोपा लगाने का काम कर रही थी। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम नवापारा निवासी 37 वर्षीय महिला मंगलवार को ग्राम जेजगी स्थित अपने खेत में रोपा लगाने गई थी। दोपहर करीब 3:30 बजे वह खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली महिला के ऊपर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़ी।

शरीर पर गोबर का लेप लगाकर अस्पताल ले गए ग्रामीण

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला के शरीर पर गोबर का लेप लगाया और उसे खाट पर लिटाकर अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग तक लेकर पहुंचे। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से महिला को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। महिला की अचानक हुई मौत से परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

आकाशीय बिजली के दौरान बरतें सावधानी

बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले खेत, पेड़ के नीचे तथा खुले स्थानों पर रहना जानलेवा साबित हो सकता है। आकाशीय बिजली की स्थिति में तत्काल सुरक्षित और पक्के स्थान पर शरण लेना चाहिए।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!