मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 का भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने किया स्वागत, कलाकारों से आवेदन की अपील

रायपुर। भाजपा छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रकोष्ठ ने इसे छत्तीसगढ़ की लोक कला, लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ लोक कलाकारों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।

प्रदेश संयोजक अनुपम पाल ने कहा कि योजना के तहत चयनित लोक कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इससे कलाकारों को सम्मानपूर्वक अपनी कला साधना जारी रखने और आर्थिक संबल प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र लोक कलाकारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जो लोक कलाकारों के सम्मान और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

इधर, भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जिला कोरिया के पूर्व संयोजक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सनी हथगेन ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश संयोजक अनुपम पाल के विचारों का समर्थन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 को प्रदेश के लोक कलाकारों के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए बधाई दी।

सनी हथगेन ने कहा कि एमसीबी जिले सहित प्रदेश के अनेक प्रतिभाशाली लोक कलाकार आर्थिक संसाधनों के अभाव में अपनी कला और प्रतिभा को आगे नहीं बढ़ा पाते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में शुरू की गई यह योजना कलाकारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी प्रतिभा को नई पहचान दिलाने का कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि यह योजना लोक नृत्य, लोक संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन और पारंपरिक वाद्ययंत्र वादन से जुड़े कलाकारों को अपनी कला निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी। इससे न केवल एमसीबी जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के छिपे हुए कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का नया मंच मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!