कोरिया में सनसनी ऑफिसर कॉलोनी में दो दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे तोड़े, थाना प्रभारी की कार भी बनी निशाना

कोरिया। जिले के चरचा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर-चरचा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 8 स्थित ऑफिसर कॉलोनी (बी-टाइप कॉलोनी) में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने कॉलोनी में घरों के बाहर खड़े दो दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे तोड़ दिए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गुरुवार सुबह जब कॉलोनीवासी घरों से बाहर निकले तो चारों ओर वाहनों के टूटे हुए शीशे और बिखरे कांच देखकर हैरान रह गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

थाना प्रभारी की कार भी नहीं बची

घटना की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसी कॉलोनी में रहने वाले चरचा थाना प्रभारी महानंदी की घर के बाहर खड़ी आल्टो कार भी बदमाशों के निशाने पर रही। उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। इससे साफ है कि आरोपियों ने बिना किसी डर के पूरी कॉलोनी में तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया।

लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में वाहन मालिकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकांश कारों के आगे, पीछे और साइड के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।

तीन साल पहले भी हुई थी ऐसी घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले भी चरचा कोलरी क्षेत्र में इसी तरह की घटना हुई थी, जब अज्ञात बदमाशों ने कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए थे। उस समय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। एक बार फिर हुई इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही चरचा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।चरचा थाना प्रभारी महानंदी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!