वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध कत्थे से लदा ट्रक जब्त, चालक फरार

बलरामपुर/वाड्रफनगर। जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रूप से लकड़ी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कत्थे की लकड़ी से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम को अवैध लकड़ी के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान एक ट्रक को रोककर उसकी जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में लकड़ी लदी मिली।

प्रारंभिक जांच में लकड़ी को कत्थे की लकड़ी बताया जा रहा है। वन विभाग द्वारा लकड़ी की प्रजाति, मात्रा और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह ट्रक वाड्रफनगर से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बड़े तस्कर गिरोह के खुलासे की संभावना

वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे उत्तर प्रदेश में कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध परिवहन के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

वन विभाग की जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस मामले में बड़े तस्कर गिरोह के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल ट्रक वन विभाग के कब्जे में है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!