जगदलपुर। बस्तर में सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगारों से लाखों रुपये ऐंठने वाले कथित ठग पर कोतवाली पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। होमगार्ड और फॉरेस्ट गार्ड में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 5 लोगों से करीब 8 लाख 95 हजार रुपये ठगने के आरोपी कृष्ण कुमार वैष्णव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को होमगार्ड और वन विभाग में ऊंची पहुंच वाला बताकर बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। भरोसा जीतने के लिए वह वर्दी तक दिखाता था और नौकरी लगवाने का पक्का भरोसा दिलाकर मोटी रकम वसूलता था। आरोपी ने कथित तौर पर फोन-पे और नगद के जरिए रकम ली, लेकिन जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ितों को अपने पैसे वापस मिलने की उम्मीद भी टूट गई।
शिकायत के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और आखिरकार आड़ावाल स्थित उसके घर से आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने लोगों से रकम लेने की बात स्वीकार की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ ठगी और मारपीट सहित पहले से 7 अपराध दर्ज हैं और वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नौकरी के नाम पर ठगी से रहें सावधान
पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर यह संदेश देती है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति को पैसे देने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूरी है। किसी भी विभाग में भर्ती निर्धारित प्रक्रिया के तहत होती है। नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे मांगने वालों के झांसे में आने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित कदम है।











