15 अगस्त पर छत्तीसगढ़ में कौन कहां फहराएगा तिरंगा? जारी हुई मुख्य अतिथियों की सूची

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त को लेकर छत्तीसगढ़ में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राज्य सरकार ने प्रदेशभर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।

प्रमुख जिला मुख्यालयों में ये होंगे मुख्य अतिथि

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दुर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और बस्तर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इसी क्रम में सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, महासमुंद में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में वन मंत्री केदार कश्यप, कबीरधाम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।

रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कांकेर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल तथा बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तिरंगा फहराएंगे।

सांसदों को भी मिली अहम जिम्मेदारी

बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद संतोष पांडेय, कोंडागांव में सांसद भोजराज नाग, बलरामपुर में सांसद चिंतामणि महाराज और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। वहीं गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप, सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा स्वतंत्रता दिवस समारोह की मुख्य जिम्मेदारी संभालेंगी।

विधायकों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी

कोरबा में विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक अजय चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक धरमजीत सिंह, मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े तथा नारायणपुर में विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगी/करेंगे। इन जिला मुख्यालयों पर ध्वजारोहण के बाद परेड की सलामी ली जाएगी तथा कई स्थानों पर जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया जाएगा।

तिरंगे के रंग में रंगेगा छत्तीसगढ़

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले समारोहों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और विकास का संदेश प्रमुख रहेगा। राजधानी से लेकर जिला मुख्यालयों तक 15 अगस्त का पर्व पूरे उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!