सोनहत (कोरिया)। छत्तीसगढ़ की 108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा ने एक बार फिर समय पर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराते हुए मानवता की मिसाल पेश की। बुधवार, 15 जुलाई 2026 को ग्राम अंगवाही, पोस्ट सोनहत, जिला कोरिया की एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस में तैनात ईएमटी ने सूझबूझ और दक्षता का परिचय देते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। इस दौरान एंबुलेंस के पायलट ने वाहन को सुरक्षित एवं तेज़ी से संचालित कर आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
सफल प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। प्राथमिक देखभाल के बाद दोनों को आगे के उपचार एवं निगरानी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनहत में भर्ती कराया गया।
108 एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और सेवा भावना की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय पर मिली चिकित्सा सहायता के कारण जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं, जिससे एक बार फिर 108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा की उपयोगिता और विश्वसनीयता साबित हुई।










