आईजी ने ट्रैफिक मैन डॉ. महेश मिश्रा के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना, ₹5 हजार का नगद पुरस्कार

बैकुंठपुर/कोरिया।   यातायात जनजागरूकता, सड़क सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राष्ट्रपति पदक प्राप्त हवलदार एवं “ट्रैफिक मैन” के नाम से प्रसिद्ध डॉ. महेश मिश्रा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने ₹5,000 का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।

डॉ. महेश मिश्रा वर्तमान में कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के यातायात विभाग में पदस्थ हैं। वे लंबे समय से यातायात जागरूकता, सड़क सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, समाज सेवा और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके समर्पण, निष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं के कारण नगर सेना एवं पुलिस विभाग का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

इसके अलावा डीआईजी नगर सेना राजेश पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक कोरिया ने भी उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए ₹500-₹500 का नगद पुरस्कार प्रदान किया।

हाल ही में डॉ. महेश मिश्रा ने “यातायात नियमों के परिपालन संबंधी जागरूकता का अध्ययन : छत्तीसगढ़ राज्य के कोरिया जिले के विशेष संदर्भ में” विषय पर शोध कार्य पूर्ण कर पीएचडी की उपाधि भी प्राप्त की है। यह उपलब्धि यातायात सुरक्षा के क्षेत्र में उनके अनुभव और शोध कार्य को नई पहचान देती है।

 सड़क सुरक्षा के लिए की अपील

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद डॉ. महेश मिश्रा ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं स्वयं नहीं होतीं, बल्कि छोटी-सी लापरवाही भी किसी की जान ले सकती है। इसलिए नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा में भी यातायात पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!