रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने मंत्रियों की निजी स्थापना (प्राइवेट एस्टैब्लिशमेंट) में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के कार्यालय में प्रतीक खरे को विशेष सहायक के रूप में पदस्थ किया गया है। वहीं, उप मुख्यमंत्री अरुण साव की निजी स्थापना में भूपेन्द्र सिंह ध्रुव की नियुक्ति की गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रतीक खरे वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग में संयुक्त संचालक तथा छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सचिव के रूप में कार्यरत हैं। अब उन्हें अस्थायी रूप से मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की निजी स्थापना में विशेष सहायक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दौरान वे अपने मूल विभाग, संवर्ग और वेतनमान से जुड़े अधिकारों के पात्र बने रहेंगे।
इसी प्रकार, जल संसाधन विभाग में पदस्थ सहायक अनुभाग अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ध्रुव को उप मुख्यमंत्री अरुण साव की निजी स्थापना में सहायक ग्रेड-3 के पद के विरुद्ध अस्थायी रूप से तैनात किया गया है। अरुण साव के पास लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भूपेन्द्र सिंह ध्रुव की नियुक्ति को “विशेष प्रकरण” मानते हुए पात्रता एवं अर्हता संबंधी कुछ शर्तों में छूट प्रदान की गई है। इसी बिंदु को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा भी हो रही है।
सरकारी आदेश के मुताबिक, दोनों अधिकारियों की यह नियुक्ति अस्थायी है और उनकी मूल सेवा शर्तों, संवर्ग तथा वेतनमान में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि मंत्रियों के कार्यालयों में प्रशासनिक कार्यों के बेहतर समन्वय, फाइलों के त्वरित निस्तारण और विभागीय कामकाज को गति देने के उद्देश्य से समय-समय पर निजी स्थापना में अधिकारियों की नियुक्ति और फेरबदल किए जाते हैं।










