सीतापुर, सरगुजा | सरगुजा जिले के सीतापुर नगर में दिनदहाड़े हुई उठाईगिरी की एक बड़ी घटना ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है। अज्ञात बदमाश ने ज्वैलरी व्यवसायी का सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैग में करीब ₹1 करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव रोज की तरह सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ देर के लिए अपनी स्कूटी के पास जेवरात से भरा बैग रखा। मौका मिलते ही एक अज्ञात युवक बैग उठाकर वहां से फरार हो गया।
पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और संदिग्ध की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है। घटना सीतापुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर हाई स्कूल के पास स्थित काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स की है।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी उठाईगिरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। बैग में मौजूद जेवरात की वास्तविक कीमत और अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।










