गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा निर्माणाधीन पुल ढह गया। उदंती नदी पर बनाया जा रहा यह पुल तेज बहाव और लगातार बारिश का दबाव नहीं झेल सका, जिससे निर्माणाधीन ढांचा भरभराकर गिर गया।
जानकारी के अनुसार, यह पुल लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा था। इसका उद्देश्य गरियाबंद जिले के अमलीगांव को पड़ोसी राज्य ओड़िशा के चार गांवों से जोड़ना था, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले 50 घंटे से अधिक समय से लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण उदंती नदी का जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ गया, जिसका असर निर्माणाधीन पुल पर पड़ा और उसका एक बड़ा हिस्सा ढह गया।
घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। संबंधित विभाग और प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही क्षति का आकलन करने में जुटे हैं।
बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर बड़े निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निगरानी और सुरक्षा मानकों पर बहस छेड़ दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पुल गिरने के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।










