धमतरी | छत्तीसगढ़ हेडलाइन. धमतरी पुलिस ने जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अर्जुनी थाना क्षेत्र के धौराभाठा गांव से भारी मात्रा में देसी शराब जब्त की है। पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर 53 पेटी देसी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹2.25 लाख बताई जा रही है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को धौराभाठा गांव में अवैध रूप से शराब का भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अर्जुनी थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। तलाशी के दौरान एक मकान से करीब 458 लीटर देसी शराब बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खिलानंद उर्फ गोलू साहू और कमलेश साहू को मौके से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।










