
अंबिकापुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले के ग्राम करजी में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे दिन ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति केंद्रित चित्र प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रदर्शनी में नशे के शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभाव, परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव, नशे से जुड़ी भ्रांतियों तथा रोकथाम, उपचार और पुनर्वास से संबंधित जानकारियां चित्रों एवं इन्फोग्राफिक्स के माध्यम से प्रस्तुत की गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
तिरंगे के साथ निकली जागरूकता रैली
स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’ और ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के संयुक्त संदेश के साथ जागरूकता रैली निकाली। हाथों में तिरंगा और नशामुक्ति से जुड़े संदेशों के साथ विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को देशभक्ति, स्वस्थ जीवन और नशे से दूरी का संदेश दिया। रैली ने यह संदेश दिया कि देश की आजादी की सच्ची ताकत स्वस्थ, शिक्षित और नशामुक्त युवा हैं।
पोस्टर, रंगोली और मेहंदी में दिखी रचनात्मकता
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त भारत के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और सामाजिक विषयों के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दिया सामाजिक संदेश
विद्यालय प्रशासन एवं विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत-नाट्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कला, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में लगाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत करजी की सरपंच श्रीमती रंजनी देवी, पूर्व सरपंच श्री अजयलाल राजवाड़े, पूर्व शिक्षक श्री हीरालाल राजवाड़े, गणमान्य नागरिक श्री रामप्रसाद कुशवाहा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। वहीं अशोक कुमार, राज्य मंत्री प्रतिनिधि, सुनीता यादव, विजय ठाकुर, विनय प्रसाद तथा संबंधित विभागीय प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।
‘नशामुक्त युवा’ ही विकसित भारत की मजबूत नींव
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाई जाए तो वे विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। अभियान के दौरान उपस्थित ग्रामीणों, युवाओं और विद्यार्थियों ने तिरंगे के सम्मान, नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन जीने का संकल्प लिया।
दो दिवसीय अभियान में चित्र प्रदर्शनी, पोस्टर मेकिंग, रंगोली, मेहंदी, गीत-नाट्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता रैली जैसी गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति के संदेश को गांव-गांव और युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।










