मनेंद्रगढ़ में गूंजा एचआईवी जागरूकता का संदेश, सिविल अस्पताल से निकली भव्य रैली

मनेंद्रगढ़, जिला एमसीबी। एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से सोमवार, 17 अगस्त को मनेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल से भव्य एचआईवी जागरूकता रैली निकाली गई। छत्तीसगढ़ शासन एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार संचालित ‘एचआईवी सघन प्रचार-प्रसार अभियान’ के तहत आयोजित इस रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अविनाश खरे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों तथा ए.के. नर्सिंग कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में जागरूकता संदेशों की तख्तियां लेकर और एचआईवी से बचाव संबंधी नारे लगाते हुए छात्र-छात्राओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और सही जानकारी के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

नर्सिंग छात्रों और स्वास्थ्यकर्मियों में दिखा उत्साह

रैली में नोडल अधिकारी डॉ. मो. वसीक अस्दक, डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, अवनीश पाण्डेय तथा आईसीटीसी काउंसलर निशा सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और प्रबंधकीय अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में नर्सिंग विद्यार्थियों की भागीदारी ने रैली को प्रभावी बनाया। विद्यार्थियों ने जागरूकता नारों के माध्यम से आमजन को एचआईवी के प्रति सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचने का संदेश दिया।

जागरूकता और सतर्कता ही बचाव का आधार : CMHO

रैली को रवाना करने के बाद CMHO डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि एचआईवी जागरूकता अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि 12 अगस्त से 12 सितंबर तक चलने वाला सघन अभियान है। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में अभी भी कई भ्रांतियां और सामाजिक संकोच मौजूद हैं। इन्हें दूर करने के लिए सही जानकारी का प्रसार बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों को निःशुल्क परामर्श, जांच और एआरटी (ART) दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना किसी डर या संकोच के स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचकर आवश्यक परामर्श एवं जांच कराएं।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

नोडल अधिकारी डॉ. मो. वसीक अस्दक ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, सेमिनार, स्कूल-कॉलेजों में संगोष्ठी और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि एचआईवी/एड्स को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या भेदभाव से बचें और सही जानकारी के लिए स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों से संपर्क करें। जागरूकता और समय पर जांच के माध्यम से एचआईवी संक्रमण की रोकथाम की दिशा में सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!