सूरजपुर। मां कुदरगढ़ धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप शुक्रवार को सूरजपुर जिले के ओड़गी क्षेत्र स्थित बांक घाट में हादसे का शिकार हो गई। वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना में 13 लोग घायल हुए हैं, जबकि चार श्रद्धालुओं की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से करीब 40 श्रद्धालु मां कुदरगढ़ के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। कुदरगढ़ धाम पहुंचने से पहले घाट मार्ग में मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते पिकअप सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और घाट मार्ग पर वाहन के संतुलन बिगड़ने को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक श्रद्धालु सवार थे। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। प्रशासन ने पर्व और धार्मिक यात्राओं के दौरान सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने की अपील की है।











