रेलवे स्टेशन की मांगों को लेकर रेल मंत्री से मिलीं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा

 

तिल्दा नेवरा। तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन में विभिन्न ट्रेनों के ठहराव सहित रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर रेल मंत्री को लिखित ज्ञापन सौंपा और इनके शीघ्र निराकरण का आग्रह किया।

 

ज्ञापन में तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज शुरू करने, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं और विकास कार्यों की मांग प्रमुखता से रखी गई है।बताया गया कि तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर क्षेत्र के भाजपा नेता दीपक शर्मा ने पूर्व में कई नेताओं को पत्र लिखकर इस विषय से अवगत कराया था। उन्होंने राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा से भी मुलाकात कर लिखित आवेदन सौंपते हुए क्षेत्रवासियों की मांगों को रेल मंत्रालय तक पहुंचाने का आग्रह किया था।

इसी क्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन से जुड़ी मांगों को उनके समक्ष रखा। उन्होंने रेल मंत्री से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे दूरभाष पर बातचीत में बताया कि छत्तीसगढ़ से संबंधित विभिन्न मांगों को उच्च सदन में प्रमुखता से रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन से रेलवे को पर्याप्त राजस्व प्राप्त होता है, इसके बावजूद स्टेशन विकास के मामले में अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया है।

उन्होंने कहा कि तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और यहां यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के ठहराव तथा बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। इसी उद्देश्य से स्टेशन की विभिन्न मांगों और सुझावों को लेकर रेल मंत्री से मुलाकात कर लिखित आवेदन सौंपा गया है।

अब क्षेत्रवासियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि रेल मंत्रालय तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन से जुड़ी इन मांगों पर क्या निर्णय लेता है और लंबित विकास कार्यों को कितनी तेजी से आगे बढ़ाया जाता है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!