एमसीबी। जिले के विकासखंड खड़गवां में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर करीब दो किलोमीटर तक पैदल चलते हुए यात्रा की अगुवाई की। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा की शुरुआत आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल खड़गवां से हुई। यात्रा गजमरवा पारा और होंडा शोरूम होते हुए जनपद ग्राउंड पहुंची, जहां जनपद पंचायत कार्यालय के सामने इसका समापन किया गया। इसके बाद कार्यक्रम आमसभा में परिवर्तित हो गया।
यात्रा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आम जनता, बच्चों और कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मंत्री की आम लोगों के बीच सहज मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना दिया।तिरंगा यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला महामंत्री द्वारिका प्रसाद जायसवाल, पूर्व एवं वर्तमान मंडल अध्यक्ष धनंजय पांडे और अरुणोदय पांडे, एसडीएम खड़गवां, तहसीलदार, जनपद सीईओ, बीएमओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
छात्राओं को मिली निशुल्क साइकिल, बच्चों का कराया अन्नप्राशन
जनपद ग्राउंड में आयोजित समापन समारोह के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने हाईस्कूल की छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों से स्कूल आने वाली बेटियों को शिक्षा हासिल करने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई की राह आसान होगी इसी दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं की मौजूदगी में नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया।
तिरंगे के गौरव और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
आमसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज के गौरव तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र निर्माण और खड़गवां क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया। तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब पूरे कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहा।










