एमसीबी। जिले के खड़गवां विकासखंड स्थित पीएम श्री एकलव्य आवासीय विद्यालय, पोडीडीह में गुरुवार को शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत कर उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया तथा विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विद्यार्थियों को नए सत्र की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया तथा कहा कि वे अपने विद्यालय, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें।
मंत्री ने बताया कि पिछले शैक्षणिक सत्र में की गई घोषणा के अनुरूप विद्यालय के स्मार्ट क्लास के लिए स्पीकर, माइक सिस्टम और स्मार्ट एलईडी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने फीता काटकर स्मार्ट क्लास का विधिवत शुभारंभ किया और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं विद्यार्थियों को समर्पित कीं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










