पामगढ़। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के धाराशिव गांव में एक ही पेड़ पर युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव गांव के पास खेत में लगे एक पेड़ से लटके हुए मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ भेज दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक का शव कई घंटे पुराना होने के कारण उसमें सड़न शुरू हो गई थी, जबकि युवती द्वारा हाल ही में फांसी लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर दोनों के प्रेमी-प्रेमिका होने की चर्चा है। यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद युवती ने उसी पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पामगढ़ पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।










