सरगुजा | छत्तीसगढ़ हेडलाइन। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के सुदूर वनांचल क्षेत्र में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में धान की रोपाई के दौरान अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से 7 वर्षीय मासूम बालिका की मौत हो गई, जबकि एक युवक और एक अन्य बालिका घायल हो गए। दोनों घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम परिवार के सदस्य अपने खेत में धान की रोपाई का कार्य कर रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे अचानक मौसम खराब हो गया। तेज गर्जना और बारिश के बीच आकाशीय बिजली खेत के पास आ गिरी, जिसकी चपेट में खेत में काम कर रहे लोग आ गए।
बिजली की चपेट में आने से 7 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि एक युवक और एक अन्य बालिका भी घायल होकर अचेत हो गए। परिजन तत्काल तीनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 7 वर्षीय बालिका को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीण बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार, घायल युवक और बालिका की हालत अब सामान्य है तथा उपचार के बाद दोनों को खतरे से बाहर बताया गया है।
बरसात के मौसम में प्रदेश के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मौसम विभाग भी समय-समय पर खराब मौसम और वज्रपात की चेतावनी जारी करता रहता है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश और गर्जना के दौरान खुले खेतों, ऊंचे स्थानों तथा पेड़ों के नीचे काम करने से बचें। मौसम खराब होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर शरण लें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।










