बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर-कुसमी मार्ग पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। ग्राम सेवारी हाई स्कूल के पास करीब रात 2 बजे बॉक्साइट ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार 3 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आमने-सामने टक्कर से मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में चालक समेत 11 मजदूर सवार थे, जो प्रतापपुर क्षेत्र से शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेवारी हाई स्कूल के पास सामने से आ रहे बॉक्साइट ट्रक से पिकअप की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल 7 मजदूरों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लाया गया।
हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी 7 घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा रात करीब 2 बजे राजपुर-कुसमी मार्ग पर ग्राम सेवारी हाई स्कूल के पास हुआ है। पिकअप में चालक सहित 11 मजदूर सवार थे।
परिजनों के पहुंचने का इंतजार
तीनों मृतकों के शव अस्पताल में रखे गए हैं। पुलिस के अनुसार परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। देर रात हुए इस भीषण हादसे ने राजपुर-कुसमी मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।










