लखनपुर/सरगुजा। एसईसीएल की अमेरा ओपनकास्ट (OCP) खदान में पार्किंग शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली और बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर ट्रांसपोर्टरों एवं डीओ होल्डरों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वाहन चालकों का आरोप है कि खदान में प्रवेश करने वाले प्रत्येक ट्रक से पार्किंग के नाम पर 600 रुपये तक की राशि ली जा रही है। इस संबंध में कुछ रसीदें और लोडिंग स्लिप भी सामने आई हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
वहीं लगातार बारिश, कीचड़ और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से कोयला परिवहन बुरी तरह प्रभावित बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि प्रतिदिन 4,000 टन कोयला आपूर्ति के लक्ष्य के मुकाबले वर्तमान में केवल 300 से 400 टन ही डिस्पैच हो पा रहा है, जिससे डीओ होल्डरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि खदान तक पहुंचने वाली सड़क का निर्माण कार्य बरसात से पहले पूरा होना था, लेकिन समय पर कार्य पूरा नहीं होने के कारण सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। नतीजतन खदान के बाहर करीब 4 किलोमीटर लंबी ट्रकों की कतार लग रही है और वाहन घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब छह माह पहले ग्रामीणों के विरोध के बावजूद खदान का विस्तार किया गया था। अब सड़क और परिवहन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, पार्किंग शुल्क के नाम पर अवैध वसूली और उत्पादन में कमी से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इस मामले में एसईसीएल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।










